प्रतापपुर, आंचलिक न्यूज। आज शारदीय नवरात्र का शुभारंभ कलश स्थापना के साथ धूमधाम से किया जाएगा। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नगर के हृदय स्थल, बस स्टैंड प्रतापपुर में नवयुवक मां दुर्गा पूजन समिति द्वारा मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की जा रही है। यह आयोजन निरंतर 25 वर्षों से समिति द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जो क्षेत्रवासियों के लिए आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
माता रानी के परम् भक्त एवं प्रतापपुर क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार राजेश गुप्ता ने बताया कि नवयुवक मां दुर्गा पूजन समिति ने इस वर्ष भी एक आकर्षक और विशाल पंडाल का निर्माण किया है, जो हर साल की तरह विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पंडाल को अद्भुत रोशनी और सजावट से सजाया गया है, जो देखने वालों को मंत्रमुग्ध कर देता है। समिति द्वारा मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ ही धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भजन-कीर्तन का आयोजन भी नवरात्रि के नौ दिनों तक किया जाएगा।
आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतापपुर पहुंचकर माता रानी के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण करने की प्रार्थना करते हैं। नवयुवक मां दुर्गा पूजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य न केवल धार्मिक आस्था को प्रकट करना है, बल्कि समाज में भाईचारे और एकता का संदेश भी फैलाना है।
नवरात्रि के दौरान माता रानी की पूजा-अर्चना के साथ साथ विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्तजन बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। इस बार विशेष रूप से मां दुर्गा की आरती और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र होगा। समिति के सदस्यों ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए माता के दरबार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं और पुण्य लाभ अर्जित करें।
इस भव्य आयोजन के माध्यम से प्रतापपुर का यह स्थान नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का प्रमुख केंद्र बन जाता है।जय माता दी।।
समिति के अध्यक्ष अनिल गोयल, कोषाध्यक्ष राजेश गुप्ता, अनमोल शर्मा, अरविंद जायसवाल, मुकेश तायल, कमलेश गुप्ता, विनोद जायसवाल, नवीन सोनू जायसवाल, आयुष गोयल, शेखर शर्मा, सूरज रजक, सहित भारी संख्या में समिति के कार्यकर्ता सक्रिय हैं।