ब्यूरो रिपोर्ट
सूरजपुर/प्रतापपुर, आंचलिक न्यूज। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सूरजपुर जिले के आकांक्षी ब्लॉक प्रतापपुर के अंतर्गत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिलौटा को राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक प्रमाण पत्र से नवाजा गया है। यह सम्मान केंद्र की स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्टता और सुधार के लिए दिया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. केडी पैकरा ने इस उपलब्धि के लिए सिलौटा पीएचसी की पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रमाण पत्र अस्पतालों की सुविधाओं को सुदृढ़ करने, और आम जनता तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के प्रयासों का परिणाम है। डॉ. पैकरा ने यह भी कहा कि यह प्रमाण पत्र अस्पताल के समर्पित प्रयासों और समग्र कार्यप्रणाली की सराहना है।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय सिंह ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिलौटा ने ओपीडी, मेडिसिन, कक्ष, लैब, आईपीडी, टीकाकरण, प्रसव जैसी सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया है। यही कारण है कि स्वास्थ्य केंद्र को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ है। डॉ. विजय सिंह ने पूरी टीम की कड़ी मेहनत और समर्पण की सराहना की।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी जावेद खान ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया और विशेष रूप से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. केडी पैकरा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय सिंह, और जिले की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे ब्लॉक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिलौटा की टीम की सामूहिक मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम है।
यह प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद, सिलौटा पीएचसी जिले का तीसरा स्वास्थ्य केंद्र बन गया है, जिसे राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक से नवाजा गया है। इससे पहले, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बसदेई और सोनगरा को भी यह गौरव प्राप्त हो चुका है।
यह उपलब्धि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के विशेषज्ञ टीम द्वारा 21 और 22 अक्टूबर को किए गए गहन निरीक्षण के आधार पर प्राप्त हुई। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की छह प्रमुख सेवाओं का मूल्यांकन किया गया, जिसमें ओपीडी, मेडिसिन, लैब, आईपीडी, प्रसव, और टीकाकरण शामिल थे। सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर, सिलौटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को 81.95 प्रतिशत अंक मिले, जो इसे इस सम्मान का पात्र बनाता है।
यह भी उल्लेखनीय है कि जावेद खान को कुछ ही हफ्ते पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिलौटा का प्रभार सौंपा गया था, और उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य केंद्र ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाण पत्र से सम्मानित होने के बाद, यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र न केवल जिले में बल्कि राज्यभर में एक उदाहरण बन गया है कि कैसे अच्छे नेतृत्व और टीमवर्क के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और उत्कृष्टता प्राप्त की जा सकती है।