कृषि मंत्री रामविचार नेताम सड़क हादसे में घायल, खतरे से बाहर; मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने जाना हालचाल, शुभचिंतकों का अस्पताल में तांता, मंत्री ने ट्वीट कर जताया आभार..


कृषि मंत्री रामविचार नेताम सड़क हादसे में घायल, खतरे से बाहर; मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने जाना हालचाल, शुभचिंतकों का अस्पताल में तांता, मंत्री ने ट्वीट कर जताया आभार..

0

चंद्रिका कुशवाहा/ नरेंद्र मिश्रा 

रायपुर, आंचलिक न्यूज। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम एक सड़क हादसे में घायल हो गए। उनकी गाड़ी को एक तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। यह घटना रायपुर-बेमेतरा मार्ग पर जेवरा गांव के पास हुई। हादसे में मंत्री रामविचार नेताम और उनके सहयोगी घायल हो गए। सभी घायलों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल लाया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल समेत कई मंत्री और समर्थक अस्पताल पहुंचे और उनकी स्थिति का जायजा लिया।

मंत्री रामविचार नेताम की स्थिति खतरे से बाहर 

स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने बताया कि मंत्री नेताम को सिर और हाथ में चोटें आई हैं। हाथ की कलाई में फैक्चर और माथे में सूजन है। हालांकि, उनकी स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। सीटी स्कैन की रिपोर्ट में कोई गंभीर अंदरूनी चोट नहीं पाई गई है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। उनके सहयोगियों में से कुछ को गंभीर चोटें आई हैं और उनका भी इलाज जारी है।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर जाना हालचाल 

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रामकृष्ण अस्पताल पहुंचकर मंत्री नेताम से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से भी चर्चा की और आश्वासन दिया कि मंत्री नेताम जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे। उन्होंने कहा, “रामविचार नेताम जी की हालत स्थिर है। उनके सिर और हाथ में मामूली चोटें आई हैं, लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है। भगवान से प्रार्थना है कि वे जल्द ठीक हों।”

शुभचिंतकों का अस्पताल में तांता 

घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, खेल मंत्री टंक राम वर्मा, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े समेत अन्य मंत्री और नेताम के समर्थक बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। सभी ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मंत्री ने ट्वीट कर जताया आभार..

अस्पताल में भर्ती कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर अपने शुभचिंतकों को धन्यवाद देते हुए लिखा:

“हाल ही में हुई दुर्घटना में ईश्वर की कृपा और आप सभी की दुआओं से मैं पूरी तरह सुरक्षित हूं और अब खतरे से बाहर हूं। आपके स्नेह, प्रार्थनाओं और आशीर्वाद ने मुझे अपार हिम्मत और शक्ति दी है। इस मुश्किल समय में जो प्रेम और साथ मुझे आपसे मिला, उसके लिए हृदय से आभार।”

घटना का विवरण..

यह सड़क दुर्घटना रायपुर-बेमेतरा मार्ग पर उस समय हुई जब मंत्री नेताम अपने सहयोगियों के साथ यात्रा कर रहे थे। तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया।

राजनीतिक और सामाजिक जगत में चिंता की लहर

इस हादसे की खबर फैलते ही राजनीतिक और सामाजिक जगत में चिंता की लहर दौड़ गई। राज्य के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

मंत्री रामविचार नेताम का स्वास्थ्य स्थिर

फिलहाल, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मंत्री नेताम की निगरानी कर रही है। चिकित्सकों ने बताया कि वे जल्द ही स्वस्थ होकर अपने कर्तव्यों पर लौट आएंगे। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की समस्या पर ध्यान केंद्रित किया है।

छत्तीसगढ़ सरकार और प्रदेशवासियों की प्रार्थनाओं के बीच मंत्री रामविचार नेताम के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)