ब्यूरो रिपोर्ट
सूरजपुर, आंचलिक न्यूज। जिला सूरजपुर के खड़गवां चौकी क्षेत्र के ग्राम केरता डुबकापारा में जमीन विवाद को लेकर हुए नृशंस हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में पत्रकार के मौसेरे भाई संतोष टोप्पो के परिवार के चार सदस्यों पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें तीन की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
घटना का विवरण
यह घटना 10 जनवरी 2025 को ग्राम केरता डुबकापारा के खेत में हुई। रिपोर्ट दर्ज कराने वाले संजय एक्का ने पुलिस को बताया कि उसका मौसेरा भाई संतोष टोप्पो ने अपने परिवार के साथ उनकी कोर्ट में जीती हुई जमीन पर जुताई करने का निर्णय लिया। माघेराम टोप्पो (60), उनकी पत्नी बसंती टोप्पो (53), बेटे नरेश टोप्पो (31), सुरेश टोप्पो और मजदूरों के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई कर रहे थे।
दोपहर करीब 12 बजे गांव के राजकुमार, मंधारी राम, बिहारी, रोवन, बाबुलाल, सियाराम और अन्य आरोपी लाठी, डंडा, टांगी और फावड़ा लेकर पहुंचे। उन्होंने खेत में माघेराम और उनके परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में बसंती और नरेश की मौके पर ही मौत हो गई। माघेराम टोप्पो ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया, जबकि सुरेश गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज अम्बिकापुर के अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी और एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो और एसडीओपी प्रतापपुर नंदिनी ठाकुर के मार्गदर्शन में खड़गवां चौकी और प्रतापपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची
गिरफ्तार आरोपियों में 1. राजकुमार (62 वर्ष), 2. मंधारी राम (60 वर्ष), 3. रामधनी (48 वर्ष), 4. बिहारी (60 वर्ष), 5. रोवन (50 वर्ष), 6. सियाराम (58 वर्ष), 7. धरमसाय (70 वर्ष), 8. अनुकलाल (45 वर्ष), 9. उजेन्द्र (35 वर्ष), 10. बिरेन्द्र टोप्पो (29 वर्ष), 11. प्रदीप टोप्पो (30 वर्ष), 12. नरेन्द्र टोप्पो (30 वर्ष), 13. सम्मू (37 वर्ष), 14. महाजन टोप्पो (26 वर्ष), 15. दिवालसाय टोप्पो (26 वर्ष), 16. कमलेश टोप्पो (32 वर्ष), 17. अमेन्द्र कुमार (46 वर्ष), 18. प्रकाश टोप्पो (23 वर्ष), 19. गुंजा राम (32 वर्ष), 20. रामप्रसाद टोप्पो (37 वर्ष), 21. बाबुलाल (60 वर्ष), 22. बुच्ची (52 वर्ष), 23. जसिंता टोप्पो (22 वर्ष) शामिल हैं।
आरोपियों ने किया अपराध स्वीकार
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टांगी, फावड़ा और लाठी-डंडे भी जब्त कर लिए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस की टीम की भूमिका
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में प्रतापपुर थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे, खड़गवां चौकी प्रभारी योगेन्द्र जायसवाल और उनकी टीम के सदस्य प्रधान आरक्षक, आरक्षक और महिला आरक्षक शामिल थे। टीम के सक्रिय प्रयासों से मामले को जल्द सुलझाया गया।
पृष्ठभूमि: जमीन विवाद का मामला
घटना की वजह 7.5 एकड़ जमीन का विवाद है। यह मामला कोर्ट में था, जिसे मृतक परिवार ने जीत लिया था। आरोपी पक्ष इस फैसले से नाराज था और उन्होंने इस नृशंस हत्याकांड को अंजाम दिया।
सुरक्षा पर सवाल
इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर पुलिस ने सुरक्षा प्रदान की होती, तो यह घटना रोकी जा सकती थी।
आगे की कार्रवाई: पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले में तेजी से जांच जारी है।