नगर पंचायत चुनाव: भाजपा प्रत्याशी मानती योगेंद्र सिंह का जनसंपर्क अभियान तेज, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं का मिल रहा अपार समर्थन, भाजपा की जीत के दावे मजबूत..


नगर पंचायत चुनाव: भाजपा प्रत्याशी मानती योगेंद्र सिंह का जनसंपर्क अभियान तेज, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं का मिल रहा अपार समर्थन, भाजपा की जीत के दावे मजबूत..

0

अविनाश कुशवाहा 

प्रतापपुर, आंचलिक न्यूज। नगर पंचायत चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे चुनावी सरगर्मी तेज होती जा रही है। भाजपा से अध्यक्ष पद की उम्मीदवार मानती योगेंद्र सिंह ने जनसंपर्क अभियान को गति देते हुए व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों से मुलाकात की। चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है।

सोमवार को मानती योगेंद्र सिंह ने अपने समर्थकों के साथ नगर के प्रमुख व्यापारिक प्रतिष्ठानों का दौरा किया। उन्होंने राजघराना मोबाइल शोरूम सहित कई प्रतिष्ठानों में जाकर व्यापारियों से समर्थन मांगा। इस दौरान व्यापारी संघ के अध्यक्ष एवं प्रतिष्ठित व्यवसायी राजेश गुप्ता से भी मुलाकात हुई, जहां उन्होंने चुनावी चर्चा की और व्यापारिक समुदाय से भाजपा को सहयोग देने की अपील की। व्यापारियों ने भरोसा जताया कि वे नगर के विकास के लिए भाजपा प्रत्याशी के साथ हैं।

महिलाओं और युवाओं का उत्साह, घर-घर पहुंचा जनसंपर्क अभियान 

चुनावी माहौल में महिलाओं और युवाओं की भी सक्रिय भागीदारी देखी जा रही है। भाजपा प्रत्याशी मानती योगेंद्र सिंह ने घरों में दस्तक देकर महिलाओं से संवाद किया और समर्थन मांगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर वे निर्वाचित होती हैं, तो महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, रोजगार और स्वावलंबन के लिए विशेष योजनाएं लागू की जाएंगी।

युवाओं के बीच भी भाजपा प्रत्याशी को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। युवाओं ने कहा कि उन्हें ऐसी नेतृत्वकारी शक्ति की जरूरत है, जो उनके लिए रोजगार के अवसर, खेल सुविधाएं और आधुनिक नगर विकास की दिशा में काम करे।

जनता ने बना लिया मन, किसकी होगी जीत?

नगर में चुनावी चर्चा जोरों पर है। वार्ड स्तर पर पार्षद प्रत्याशी भी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार में जुटे हैं। जनता के रुझान से यह स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि नगर की बागडोर किसके हाथ में जाएगी, इसका फैसला मतदाता सोच-समझकर करेंगे।

"नगर को स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित बनाना प्राथमिकता" – मानती योगेंद्र सिंह

भाजपा प्रत्याशी मानती योगेंद्र सिंह ने कहा,
"जनता का जो प्यार और समर्थन मिल रहा है, वह इस बात का संकेत है कि लोग विकास के साथ हैं। मेरा लक्ष्य नगर को स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित बनाना है। भाजपा की सरकार ने हर स्तर पर विकास कार्य किए हैं और हम इस गति को बनाए रखेंगे।"

जैसे-जैसे मतदान की तिथि करीब आ रही है, वैसे-वैसे प्रत्याशियों के प्रचार अभियान और तेज हो रहे हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि नगर की जनता किसे अपना आशीर्वाद देकर नगर पंचायत की जिम्मेदारी सौंपती है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)