दशरथ अग्रहरि
बिहारपुर (आंचलिक न्यूज)। सूरजपुर जिले के बिहारपुर क्षेत्र में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा द्वारा कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और सोनिया गांधी के विरुद्ध जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की उस जांच के आधार पर किया गया, जिसमें कांग्रेस नेताओं पर पार्टी फंड का दुरुपयोग कर अवैध रूप से कर्ज लेने का आरोप सामने आया है। इसी के विरोधस्वरूप युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने गांधी परिवार का पुतला दहन कर अपना आक्रोश प्रकट किया।
प्रदर्शन स्थल पर भारतीय जनता पार्टी के मंडल पूर्व अध्यक्ष रामेश्वर बैस की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियाँ और नारे लगाते हुए गांधी परिवार के विरुद्ध नारेबाज़ी की। युवा मोर्चा महामंत्री बी. पी. जायसवाल, वरिष्ठ कार्यकर्ता दशरथ अग्रहरि, लल्लू पूरी, शिवशरण गुप्ता, संजय जायसवाल और देवेंद्र गुप्ता की उपस्थिति में पूरे कार्यक्रम का आयोजन हुआ। क्षेत्र से जुड़े भाजपा समर्थकों की भारी भीड़ इस प्रदर्शन में जुटी रही।
ईडी जांच का आधार बना विरोध
प्रवर्तन निदेशालय की हालिया जांच में यह सामने आया कि कांग्रेस पार्टी ने एक समाचार पत्र की शुरुआत के लिए पार्टी फंड का गलत तरीके से इस्तेमाल कर अवैध रूप से ऋण लिया। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का आरोप था कि यह पूरी प्रक्रिया भ्रष्टाचार और जनधन के दुरुपयोग का स्पष्ट उदाहरण है। उनका कहना था कि देश की जनता अब इस तरह के भ्रष्टाचार को सहन नहीं करेगी और इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने का कार्य भाजयुमो कर रहा है।
शांति से हुआ प्रदर्शन, पुलिस बल रहा मुस्तैद
पुतला दहन से पहले पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे। हालांकि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं घटी। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होती, तब तक ऐसे जनजागरूकता अभियान जारी रहेंगे।
देखें वीडियो..