चंद्रिका कुशवाहा
रायपुर/ सरगुजा, आंचलिक न्यूज। मुंबई में आयोजित एक भव्य समारोह में अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. डी.के. सोनी को 'आईकॉन ऑफ इंडिया - बेस्ट एडवोकेट एंड आरटीआई एक्टिविस्ट ऑफ द ईयर 2024' का प्रतिष्ठित अवार्ड प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें फिल्म अभिनेत्री करिश्मा कपूर के करकमलों से मिला। इस समारोह का आयोजन टाइम्स एप्लाइड प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया था, जिसमें देशभर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
यह कार्यक्रम मुंबई के होटल जिंजर में आयोजित हुआ, जहां कई सामाजिक कार्यकर्ता, फिल्म और टीवी जगत की हस्तियों ने शिरकत की। डॉ. डी.के. सोनी के अलावा इस समारोह में अन्य प्रमुख हस्तियों को भी उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया, जिनमें टीवी एक्टर अभिषेक कपूर, अहसान कुरैशी, और अन्य शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व मिस इंडिया सिमरन आहूजा ने किया, और इसमें टाइम्स एप्लाइड के चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर नितिन गोहिल की उपस्थिति भी रही।
डॉ. डी.के. सोनी का योगदान
डॉ. डी.के. सोनी को यह सम्मान उनके सतत सामाजिक और कानूनी योगदान के लिए प्रदान किया गया। वे लंबे समय से न्यायिक प्रणाली में सुधार, भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और आरटीआई के माध्यम से समाज के विभिन्न मुद्दों पर काम कर रहे हैं। उनकी संस्था, 'सरगुजा सोसाइटी फॉर फास्ट जस्टिस', न्याय प्रक्रिया को सुदृढ़ और त्वरित बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। डॉ. सोनी ने सरकारी विभागों में हो रहे भ्रष्टाचार को उजागर कर कई भ्रष्ट अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कड़े कानूनी कदम उठाए हैं।
उनके इस योगदान के लिए उन्हें इससे पहले भी 32 सम्मान मिल चुके हैं, और यह उनका 33वां अवार्ड है।
अवार्ड प्राप्त करने के बाद डॉ. सोनी ने इसे जनहित और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में किए जा रहे उनके कार्यों की प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा, "यह अवार्ड मुझे और अधिक ऊर्जा से जनहित के कार्य करने की प्रेरणा देगा। समाज की भलाई और न्याय के क्षेत्र में और भी अधिक प्रयास किए जाएंगे।"
इस सम्मान से डॉ. सोनी के शुभचिंतकों, अधिवक्ताओं और उनके द्वारा सामाजिक न्याय पाने वालों के बीच खुशी का माहौल है।
वीडियो..