ब्यूरो रिपोर्ट
सूरजपुर, आंचलिक न्यूज। जिला प्रशासन ने अवैध धान संग्रहण पर सख्त कदम उठाते हुए जिले में बड़ी कार्रवाई की है। तहसीलदार मोहम्मद इजराइल खान के नेतृत्व में खाद्य विभाग, राजस्व और सूरजपुर मंडी की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी करते हुए कुल 330 बोरे धान जब्त किए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
ग्राम लोधिमा में 100 बोरे धान जब्त
टीम ने सबसे पहले ग्राम लोधिमा में छापेमारी की, जहां ललित राजवाड़े के पास अवैध रूप से संग्रहित धान बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान 100 बोरे धान, जिसका वजन लगभग 40 क्विंटल था, जब्त किया गया।
ग्राम बसदेई में भी कार्रवाई, 230 बोरे धान जप्त
इसके बाद टीम ने ग्राम बसदेई में पंकज केसरवानी की दुकान पर छापेमारी की। यहां अवैध रूप से संग्रहित 50 बोरे धान, जिसका वजन लगभग 20 क्विंटल था, बरामद किया गया। इसी गांव में नारेश्वर प्रसाद गुप्ता के पास भी अवैध भंडारण का मामला सामने आया। उनके पास से 180 बोरे धान (लगभग 72 क्विंटल) जब्त किए गए।
अवैध धान संग्रहण पर प्रशासन सख्त
जिला प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई लगातार बढ़ते अवैध धान संग्रहण और जमाखोरी को रोकने के उद्देश्य से की गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम राज्य सरकार की नीतियों और खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में अवैध धान भंडारण या खरीद-फरोख्त करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत अधिकारियों को दें, ताकि इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके।
इस कार्रवाई से साफ है कि प्रशासन जिले में अवैध धान संग्रहण पर अंकुश लगाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।